उद्योग और श्रमिकों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में अहम पहल-अरुण ग्रोवर
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा इंडस्ट्री लेबर फ्रेंडली काउंसिल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में काउंसिल के मनोनीत सदस्यों अरुण ग्रोवर सहित अन्य ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया तथा राज्य में उद्योग एवं श्रम के मध्य सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।
बैठक में पंचकूला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन एवं हरियाणा इंडस्ट्री लेबर फ्रेंडली काउंसिल के सदस्य श्री अरुण ग्रोवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गठित इस त्रिपक्षीय काउंसिल को देश में अपनी तरह की एक अभिनव पहल बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा उद्योग, मजदूर और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।
श्री ग्रोवर ने कहा कि काउंसिल का मूल उद्देश्य राज्य में औद्योगिक उत्पादकता को बढ़ाना, श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा उद्योग और श्रमिकों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों का समयबद्ध एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा काउंसिल को छह प्रमुख बिंदुओं पर विशेष रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें औद्योगिक विकास, श्रमिक कल्याण, रोजगार सृजन, विवाद निवारण तंत्र को सुदृढ़ करना, उत्पादकता वृद्धि तथा राज्य को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी बनाना शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में एक नई दिशा प्रदान करेगी। उद्योग और श्रमिकों के बीच मैत्रीपूर्ण एवं सहयोगात्मक संबंध स्थापित होने से राज्य में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा श्रमिकों को बेहतर कार्य परिस्थितियां एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। श्री ग्रोवर ने विश्वास व्यक्त किया कि इस काउंसिल के माध्यम से हरियाणा औद्योगिक विकास के मानचित्र पर देश में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।
श्री ग्रोवर ने आगे कहा कि आने वाले समय में वे राज्य की औद्योगिक इकाइयों, श्रमिक संगठनों, उद्योग संघों, ट्रेड यूनियनों, समाजसेवी संस्थाओं तथा श्रम विभाग से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनका उद्देश्य सभी हितधारकों को एक साझा मंच पर लाकर संवाद, सहयोग एवं विश्वास की संस्कृति को मजबूत करना है, ताकि श्रमिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक और प्रभावी प्रयास किए जा सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उद्योग और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सभी संबंधित संगठनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे तथा व्यावहारिक और सकारात्मक सुझावों के माध्यम से सरकार के विज़न को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
बैठक में उपस्थित अरुण ग्रोवर ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के इस दूरदर्शी कदम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा सरकार की यह पहल राज्य को एक मॉडल इंडस्ट्रियल एवं लेबर-फ्रेंडली राज्य के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।


