एचआईवी/एड्स के खिलाफ हरियाणा की मजबूत पहल
95-95-99 लक्ष्यों और ‘सोच’ पोर्टल की प्रगति की समीक्षा
अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य के मार्गदर्शन में आज राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, सेक्टर 6, पंचकूला में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की परियोजना निदेशक डॉ. मुक्ता ने की।
95-95-99 वैश्विक लक्ष्यों पर फोकस
बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी जिलों की प्रगति का आकलन करना था, ताकि नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (एनएसीओ) द्वारा निर्धारित ‘95-95-99’ लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सके।
डॉ. मुक्ता ने बताया कि इन लक्ष्यों के तहत 95 प्रतिशत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को अपनी स्थिति की जानकारी हो, 95 प्रतिशत रोगियों को नियमित एआरटी उपचार मिले और 99 प्रतिशत मरीजों में वायरल लोड दबा हो (वायरल सप्रेशन)। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य केवल आंकड़े हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
‘सोच’ पोर्टल से डिजिटल मॉनिटरिंग
बैठक में ‘सोच’ पोर्टल के उपयोग पर तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया। यह पोर्टल राज्यभर में मरीजों की स्थिति, उपचार और दवाओं के स्टॉक की रियल-टाइम निगरानी के लिए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मरीज फॉलो-अप से न छूटे और एआरवी दवाओं व टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुचारू बनी रहे।
जिलों को विशेष दिशा-निर्देश
जिला एड्स नियंत्रण अधिकारियों (डीएसीओ) को निर्देश दिए गए कि वे स्थानीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए टेस्टिंग बढ़ाएं, हाई-रिस्क क्षेत्रों में समुदाय आधारित स्क्रीनिंग को सशक्त करें और काउंसलिंग सेवाओं को मजबूत बनाएं। साथ ही, ‘दिशा’ स्टाफ के माध्यम से मनो-सामाजिक सहायता बढ़ाने, विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आईसीटीसी व एआरटी केंद्रों के बीच रेफरल सिस्टम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
सामूहिक प्रयासों पर जोर
बैठक के अंत में डॉ. मुक्ता ने सभी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, वायरल सप्रेशन (99 प्रतिशत) हमारे हस्तक्षेप की वास्तविक सफलता का संकेत है।
इस बैठक में सभी जिलों के डीएसीओ, एआरटी केंद्रों के मेडिकल ऑफिसर और ‘दिशा’ स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने तय की गई रणनीतियों को शीघ्र लागू करने का संकल्प लिया, ताकि हरियाणा सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बना रहे।


