जालंधर में बड़ा हादसा: बंदूक साफ करते वक्त चली गोली, डीएसपी योगेश कुमार शर्मा की मौत
जालंधर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) में तैनात डीएसपी योगेश कुमार शर्मा की गोली लगने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7:30 बजे डीएसपी योगेश कुमार शर्मा अपने पुलिस क्वार्टर स्थित सरकारी आवास पर मौजूद थे। उसी दौरान वह अपनी लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और उन्हें गंभीर चोट लगी।
हादसे के समय घर में उनकी पत्नी, माता-पिता, बेटा और बेटी भी मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें जालंधर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि डीएसपी योगेश कुमार शर्मा का हाल ही में, तीन दिन पहले ही, एएनटीएफ से ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (BOI), चंडीगढ़ में तबादला हुआ था।
परिवार के अनुसार, यह हादसा हथियार की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से हुआ। मौके पर पहुंची एसपी माधवी शर्मा ने भी प्रारंभिक जांच में इसे आकस्मिक फायरिंग का मामला बताया है।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


