इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला में नवजात बालिका का शव मिलने से सनसनी
दिनांक: 28 फरवरी 2026
इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला में नवजात बालिका का शव मिलने से सनसनी
पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट नंबर 315 व 314 के सामने शनिवार सुबह एक नवजात बालिका का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे नगर निगम की सफाई गाड़ी नियमित सफाई कार्य के लिए मौके पर पहुँची। इसी दौरान सफाई कर्मचारियों की नजर नवजात शिशु के शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसआई मलकित सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और निरीक्षण किया। पुलिस के साथ डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिन्होंने प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान यह बात भी सामने आई कि घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण क्षेत्र में रात के समय अंधेरा रहता है।
इस पूरे घटनाक्रम का जायजा लेने के लिए पंचकूला ऑब्जर्वर के चीफ रिपोर्टर संजीत सिंह रिपोर्टर रितिका शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।


