अतिरिक्त मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को समाधान शिविर में आई समस्याओं का बिना विलंब किए समाधान करने के दिए निर्देश
उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने चंडीगढ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समाधान शिविर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की व उनकी समीक्षा की। उन्होंने सभी उपायुक्तों को बिना विलंब के समाधान शिविर की सभी तरह की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को बताया कि जनता की समस्याओं का समाधान शिविर में प्रमुखता से समाधान किया जा रहा है। शेष बची लंबित समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने इसके उपरांत लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होने समाधान शिविर, सीपी ग्राम, जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी की लंबित शिकायतों की समीक्षा की और जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिलावासी अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न हों।
इस कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नही किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं का अगली बैठक तक समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सयंम गर्ग, नगराधीश जागृति, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के ईओ सुरेंद्र सिंह, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, जिला बागवानी विभाग, पुलिस विभाग, नायब तहसीलदार, खेल विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


