Search

कांग्रेस प्रत्याशी नजमा रामगढ़ ने गांव बिल्ला, माणक्यां में अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर किया चुनाव प्रचार

नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 19 में चुनावी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस प्रत्याशी नजमा रामगढ़ भी पूरी तरह चुनावी मैदान में सक्रिय नजर आ रही हैं और लगातार वार्ड के अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं।

वीरवर को कांग्रेस प्रत्याशी नजमा रामगढ़ ने गांव बिल्ला, माणक्यां में अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और वार्ड से जुड़े मुद्दों को उनके सामने रखा।

नजमा रामगढ़ ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव आज भी विकास कार्यों से वंचित हैं। कई इलाकों में सड़कों, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से गांवों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यदि वार्ड नंबर 19 की जनता उन्हें अपना समर्थन देकर विजयी बनाती है तो गांवों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के हर क्षेत्र में समान विकास करवाने का प्रयास किया जाएगा।

कई घंटों तक चले इस जनसंपर्क अभियान में स्थानीय लोगों का अच्छा समर्थन देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया। वार्ड नंबर 19 में चुनाव प्रचार तेज होने के साथ मुकाबला रोचक होता जा रहा है और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

See all