Search

नगर निगम चुनाव-2026: पंचकूला में 550 ईवीएम मशीनों की प्रथम रैंडमाइजेशन सम्पन्न

राज्य चुनाव आयोग द्वारा नामित सामान्य पर्यवेक्षक एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री डी. सुरेश, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सतपाल शर्मा, रिटर्निंग अधिकारी श्री संयम गर्ग तथा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की उपस्थिति में आज लघु सचिवालय के सभागार में नगर निगम चुनाव-2026 के लिए ईवीएम मशीनों की प्रथम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया सम्पन्न हुई। इस प्रक्रिया में रिजर्व मशीनों सहित कुल 550 ईवीएम का चयन किया गया।जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सतपाल शर्मा ने बताया कि रैंडमाइजेशन एक पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक उम्मीदवार चुनावी प्रक्रिया से पूर्ण रूप से संतुष्ट हो।

उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम चुनाव-2026 के अंतर्गत 20 वार्डों के लिए 204 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो वोटिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी—एक मेयर पद के लिए और दूसरी पार्षद पद के लिए—जिससे मतदाता दो अलग-अलग वोट डाल सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जिला में ईवीएम मशीनों की समय-समय पर फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की जाती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी मशीनें पूरी तरह से कार्यशील हैं। चुनावों में प्रयुक्त मशीनों के चयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रैंडमाइजेशन प्रक्रिया को कम्प्यूटरीकृत किया गया है।

बैठक में उपस्थित उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से पालन तथा चुनावी खर्च के नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मेयर पद के उम्मीदवार के लिए अधिकतम 30 लाख रुपये तथा पार्षद पद के उम्मीदवार के लिए 7.50 लाख रुपये खर्च की सीमा निर्धारित की गई है। प्रत्येक उम्मीदवार को 1 मई, 4 मई और 7 मई को अपने व्यय रजिस्टर की जांच करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम चुनावों के लिए डीईटीसी पंचकूला को व्यय प्रेक्षक (एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, मतगणना दिवस से एक महीने के भीतर उम्मीदवारों को अपने चुनावी खर्च का विस्तृत ब्यौरा जिला चुनाव कार्यालय में जमा कराना होगा।

उन्होंने उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का आह्वान करते हुए कहा कि चुनावी सभाओं और रैलियों के आयोजन से पूर्व आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके लिए उम्मीदवार लघु सचिवालय के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एसडीएम कोर्ट रूम में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि रैली और जनसभाओं के लिए निर्धारित स्थानों की जानकारी सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को पहले ही उपलब्ध करा दी गई है। इसी प्रकार, चुनाव प्रचार के दौरान बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाने के लिए स्थान और आकार भी निर्धारित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम आम चुनाव-2026 के मद्देनजर 30 अप्रैल को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5 में पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठासीन अधिकारियों तथा पोलिंग अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण दो सत्रों में होगा—पहले सत्र में पीठासीन एवं सहायक पीठासीन अधिकारियों को तथा दूसरे सत्र में पोलिंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है।इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, इलेक्शन तहसीलदार अजय राठी, इलेक्शन कानूनगो कुलदीप सिंह, डीआईओ कार्यालय से अनिल छाबड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


See all