Search

निर्दलीय उम्मीदवारों की वापसी से भाजपा को मिली मजबूती, श्याम लाल बंसल के प्रचार ने पकड़ी रफ्तार

पंचकूला नगर निगम चुनाव में भाजपा को उस समय बड़ा राजनीतिक संबल मिला, जब वार्ड 3 से निर्दलीय उम्मीदवार रितु गोयल, वार्ड 4 से पूर्व पार्षद सोनिया सूद और वार्ड 14 से पूर्व पार्षद सुशील गर्ग ने चुनाव लड़ने का इरादा छोड़ते हुए अपने नामांकन वापस ले लिए। तीनों नेताओं ने भाजपा मेयर पद के उम्मीदवार श्याम लाल बंसल के समर्थन में चुनाव प्रचार को तेज करने का फैसला किया।

गौरतलब है कि ये सभी नेता भाजपा से जुड़े रहे हैं और टिकट न मिलने के कारण निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। बाद में पार्टी नेतृत्व और श्याम लाल बंसल के प्रयासों से इन्हें मनाया गया, जिसके बाद इन्होंने एकजुटता दिखाते हुए भाजपा को समर्थन दे दिया। इससे श्याम लाल बंसल की चुनावी स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।

इससे पहले हरिkuयाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सेक्टर-10 के पार्क में आयोजित जनसभा में पहुंचे। यहां उन्होंने सोनिया सूद और उनके पति, जिला भाजपा उपाध्यक्ष उमेश सूद के सामाजिक कार्यों की सराहना की और पार्टी की एकजुटता बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए नारी शक्ति वंदन बिल और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष की आलोचना की। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां हमेशा ऐसी रही हैं, जिनसे गरीबी समाप्त होने पर उनके वोट बैंक पर असर पड़े। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है।

जनसभा में मुख्यमंत्री का सर्व समाज द्वारा पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया और भाजपा उम्मीदवारों को समर्थन का भरोसा दिलाया गया। इस मौके पर डा. महा सिंह, बंतो कटारिया, श्याम लाल बंसल, उमेश सूद, सोनिया सूद, कंवर पाल, देव कुमार शर्मा, कुलभूषण गोयल, भारत हितैषी, ओम प्रकाश देवीनगर, संजय आहूजा और अजय मित्तल सहित कई नेता मौजूद रहे।

इधर, श्याम लाल बंसल ने चुनाव प्रचार को गति देते हुए वार्ड 11 से भाजपा प्रत्याशी अनुराधा पुरी के सेक्टर-12ए स्थित चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने वार्ड 14 से प्रत्याशी राकेश गोयल के कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर हवन यज्ञ में भाग लेकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

श्याम लाल बंसल ने वार्ड 3 से सुरेश वर्मा और वार्ड 7 से ज्योति प्रसाद के चुनाव कार्यालयों का भी शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद कार्तिक शर्मा, बंतो कटारिया, विशाल सेठ, कुलभूषण गोयल, अजय मित्तल, संजय आहूजा और ओमप्रकाश देवीनगर सहित कई नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और समर्थन दिया।

पंचकूला में भाजपा के प्रति जनता का उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्याम लाल बंसल का जोरदार स्वागत किया जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह है। भाजपा नेताओं का दावा है कि इस बार नगर निगम चुनाव में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

See all