Search

उपायुक्त सतपाल शर्मा का सख्त रुख: पेयजल समस्या पर दो दिन में मांगी रिपोर्ट

पंचकूला, 27 अप्रैल :

उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने समाधान शिविर के दौरान गांव बीड घग्गर के निवासियों द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या का गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के संबंधित अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिलावासियों की समस्याएं सुन रहे थे।

बीड घग्गर के निवासियों ने बताया कि उनके मोहल्ले के लगभग 15 घरों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। उन्होंने अलग जोन बनाने की मांग रखी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को स्वयं मौके का दौरा कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार, हिमशिखा कॉलोनी, पिंजौर के निवासियों ने मकान नंबर 261 से काली माता मंदिर तक गली निर्माण कार्य लंबित होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। उपायुक्त ने इस मामले में संबंधित एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एक अन्य शिकायत में सेक्टर-20, पंचकूला की एक सोसायटी के निवासियों ने अपनी शिकायत में बताया  कि पूरा भुगतान करने के बावजूद डेवलपर ने आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई हैं, और जो सुविधाएं हैं वे भी कार्यशील नहीं हैं। उपायुक्त ने इस पर जिला नगर योजनाकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को 10 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच है। लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए हर सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक इन शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, नगराधीश जागृति सहित जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, एचएसवीपी, पीएमडीए, पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

See all