विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
पंचकूला 25 अप्रैल:
विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर आज पैट एनिमल मैडिकल सैंटर द्वारा एक निःशुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य पालतू पशुओं को घातक बीमारियों से सुरक्षित रखना तथा आमजन में पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर के दौरान 100 से अधिक पालतू पशुओं का रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण किया गया। इसके अतिरिक्त, 150 से अधिक कुत्तों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसमें उनकी सामान्य स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर पेट एनिमल मेडिकल सेंटर के इंचार्ज डॉक्टर रणजीत सिंह जादौन तथा संस्थान के पशु चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों द्वारा लोगों को पालतू पशुओं में होने वाली प्रमुख बीमारियों जैसे रेबीज, पार्वो वायरल संक्रमण तथा उनके प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही, पशुओं की नियमित देखभाल, टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व पर भी जोर दिया गया, जिससे उन्हें विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पैट एनिमल मैडिकल सैंटर के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पशु स्वास्थ्य एवं जनहित दोनों को बढ़ावा मिल सके।


