पंचकूला नगर निगम चुनाव: वार्ड 10 से इनेलो उम्मीदवार अंकुश निषाद ने भरा नामांकन
पंचकूला।
नगर निगम चुनाव के तहत शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया जारी रही। वार्ड नंबर 10 से इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की टिकट मिलने के बाद युवा पूर्वांचल नेता अंकुश निषाद ने अपना नामांकन दाखिल किया।
इस दौरान उनके साथ नगर परिषद पंचकूला की पूर्व प्रधान सीमा चौधरी, पूर्व में विधानसभा चुनाव लड़ चुके करूणदीप चौधरी, पूर्व पार्षद सुभाष चंद निषाद सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन के बाद अंकुश निषाद ने कहा कि वह वार्ड की तस्वीर बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा वार्ड मेरा परिवार है। मेरा बचपन यहीं के लोगों के बीच बीता है। मैं यहां की हर समस्या को खुद महसूस करता हूं और उसे हल करवाने का दम रखता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि सेक्टर-14, औद्योगिक क्षेत्र और अभयपुर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और इन इलाकों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। निषाद ने दावा किया कि उन्हें गांव की महिलाओं और बुजुर्गों का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षद द्वारा गांव में कोई विशेष विकास कार्य नहीं करवाया गया। साथ ही भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने यहां बाहरी उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जिसे स्थानीय समस्याओं की जानकारी नहीं है।
अंकुश निषाद ने विश्वास जताया कि इस बार वह बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।


