Search

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 में स्वच्छता जागरूकता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन

नगर निगम पंचकूला के दिशा-निर्देशन में स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत आज सेक्टर-15 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना था। छात्राओं ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वच्छता विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली छात्राओं को मौके पर ही प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया। स्वच्छ सर्वेक्षण टीम द्वारा कचरे के उचित निस्तारण, स्रोत पर पृथक्करण तथा प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया गया।

स्वच्छ सर्वेक्षण टीम के प्रतिनिधि ने कहा कि “जब बच्चे जागरूक होते हैं, तो वे अपने घर और आसपास के वातावरण में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने में सक्षम होते हैं। आज छात्राओं का उत्साह यह दर्शाता है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

नगर निगम पंचकूला के आयुक्त श्री विनय कुमार ने नागरिकों से अपील कि है की वे स्वच्छता के इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें और अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में भागीदार बनें।

See all