गांव कुंडी में जागरूकता रैली का आयोजन
पंचकूला, 23 अप्रैल:
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार गवर्नमेंट मिडल स्कूल, गांव कुंडी में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली का आयोजन शुभ फाउंडेशन एनजीओ द्वारा किया गया।
शुभ फाउंडेशन की अध्यक्षा नीलम वर्मा के प्रयासों से पंचकूला में ‘एक आगाज़, एक कोशिश’ नामक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जेजे एक्ट 2015, पॉक्सो एक्ट 2012, पॉश एक्ट 2013 तथा चाइल्ड मैरिज प्रोहिबिशन एक्ट 2006 से संबंधित जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य हरियाणा के सभी जिलों में बच्चों को उनके अधिकारों तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक करना है।
फाउंडेशन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. मोनिका चौधरी ने बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न और अश्लीलता से बचाव के लिए पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के लिए बनाई गई स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (एसजेपीयू) के बारे में भी बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों से संबंधित किसी भी अपराध की शिकायत एसजेपीयू या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर की जा सकती है।
इसके अलावा जेजे एक्ट और महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के लगभग 300 बच्चों ने रैली निकालकर गांव कुंडी में स्लोगनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर बच्चों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। शुभ फाउंडेशन के महासचिव संदीप सिंघल और कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग ने आश्वासन दिया कि यह जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और हरियाणा के सभी जिलों तक पहुंचाया जाएगा।
स्कूल की मुख्य अध्यापिका श्रीमती पूजा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे वे भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें, सही समय पर सही निर्णय ले सकें और देश के नवनिर्माण में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर स्कूल का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।


