राज्य में योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगासन के प्रचार-प्रसार एवं समग्र विकास के लिए हुआ गहन मंथन
पंचकूला, 23 अप्रैल
हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डाॅ जयदीप आर्य ने सेक्टर-3 स्थित आयोग कार्यालय में बोर्ड की आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती भी उपस्थित रहे।
बैठक में हरियाणा योग आयोग के अधिकारिक एवं गैर-अधिकारिक सदस्यों के साथ-साथ विशेष आमंत्रित सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राज्य में योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगासन के प्रचार-प्रसार एवं समग्र विकास के लिए गहन मंथन हुआ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में शिक्षा पाठ्यक्रम में योग को लागू करने हेतु शिक्षा विभाग से रिपोर्ट मांगी गयी एवं आगामी कार्यवाही हेतु चर्चा की गई। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित की जानी प्रस्तावित की गयी, जिससे स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में योग पाठ्यक्रम को सुव्यवस्थित किया जा सके। शिक्षा विभाग के लगभग 25,000 पूर्व में प्रशिक्षित पीटीआई/डीपीई के लिए संबंधित विभाग द्वारा आगामी महीनों में विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें तकनीकी सहयोग हरियाणा योग आयोग द्वारा प्रदान किया जाएगा।
शिक्षा विभाग द्वारा एक एडवाइजरी जारी करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसके तहत प्रातःकालीन सभा के बाद 15 मिनट सामान्य योग गतिविधियां किया जाना अनिवार्य हो। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र जारी कर 15 मिनट का योग सत्र अनिवार्य करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही, अंतर-विश्वविद्यालय कार्यक्रमों के दौरान 10-15 मिनट योग सत्र एवं हरियाणा योग आयोग की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित करने हेतु चर्चा हुई। राज्य के सभी योग क्लबों के लिए मंडल (कमिश्नरी) स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने पर चर्चा की गयी।
आयुष योग सहायकों के लिए मई माह में कुरुक्षेत्र में एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित करने हेतु प्रस्ताव रखा गया। प्रदेश में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के पंजीकरण आरंभ करने को लेकर चर्चा हुई एवं सम्बन्धित विभाग को निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में गत वितीय वर्ष में हुए आय-व्यय का ब्यौरा रखा गया, जिसकी उपस्थित सभी सदस्यों ने अनुमोदना की। साथ ही सभी को अवगत करवाया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम राज्यभर में जिला, ब्लॉक एवं योग व्यायामशालाओं में हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान सरकारी बौद्धिक अक्षमता पुनर्वास संस्थान, चंडीगढ़ की टीम द्वारा आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके परिसर में मार्च माह में आयोजित हुए अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
बैठक में श्री रोशन लाल हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष, डॉ सुषमा नैन, उप- निदेशक, आयुष विभाग, डॉ राजकुमार, रजिस्ट्रार, हरियाणा योग आयोग, श्रीमती लक्ष्मी पंत, अतिरिक्त निदेशक (योग), खेल विभाग, हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ मनीष कुकरेजा, डॉ मदन मानव, श्री नरेश कुमार, श्रीमती सुमेश्ता देवी, डॉ कुलदीप सिंह, डॉ पवन गुप्ता, श्री जयपाल शास्त्री, श्री पंकज कुमार के साथ-साथ सुश्री निधि, प्रोग्राम अधिकारी, माध्यमिक शिक्षा विभाग, श्री धूप सिंह, अधीक्षक, उच्चतर शिक्षा विभाग, डॉ अरविन्द, असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र, श्री अनिल कुमार, प्राचार्य जीआरआईआईडी, डॉ युधवीर, सचिव, एचवाईएसए, श्री अजय, अध्यक्ष, न्यूरोथेरपी सहित आयोग के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन सभी सदस्यों के धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति पाठ के साथ किया गया।


