आपदा से बचाव की सीख: एनडीआरएफ ने छात्रों को सिखाए जीवन रक्षक कौशल
पंचकुला, 22 अप्रैल 2026:
सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा के नेतृत्व में एनडीआरएफ की सातवीं बटालियन की पंचकूला टीम द्वारा बुधवार को कॉलेज सेफ्टी प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ एवं भूगोल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि ये न केवल उन्हें आपदा के समय सही निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, तत्परता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रोहताश गोदारा द्वारा एनडीआरएफ टीम का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. एंजेला एवं डॉ. प्रीति अटवाल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्स के अंतर्गत ड्रेसिंग एवं बैंडेज, ब्लीडिंग कंट्रोल, स्प्लिंटिंग, सीपीआर, एफबीएओ प्रबंधन तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक ले जाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस तैयार करने एवं आग से सुरक्षा के उपायों तथा फायर एक्सटिंग्विशर के पीएएसएस तकनीक का प्रदर्शन किया गया।
इसके अतिरिक्त हीट वेव, कोल्ड वेव, बिजली का झटका, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली एवं सर्पदंश जैसी परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई। भूकंप ड्रिल के माध्यम से सुरक्षित निकास एवं आपातकालीन प्रबंधन का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में एनडीआरएफ टीम द्वारा एनडीएमए के सचेत, मेघदूत, दामिनी और भूकंप ऐप्स के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व इंस्पेक्टर नीरज यादव ने किया। इस अवसर पर टीम में एसआई सुरजीत सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल सांगवान, कांस्टेबल पवन कुमार, विकास शर्मा, विपुल कुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार एवं सतेंद्र कुमार शामिल रहे।


