Search

नगर निगम पंचकूला की संयुक्त आयुक्त ने आरडब्ल्यूए सेक्टर-28 के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

पंचकूला, 11 फरवरी: 
नगर निगम पंचकूला की संयुक्त आयुक्त श्रीमती सिमरनजीत  कौर ने आज सेक्टर-28 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आरडब्ल्यूए सदस्यों द्वारा सेक्टर-28 में सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त आयुक्त ने आरडब्ल्यूए के सभी प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडब्ल्यूए द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
बैठक में मुख्य स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल नैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र में चल रही सफाई व्यवस्था की जानकारी दी तथा उसमें सुधार के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की।
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि नगर निगम पंचकूला नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है और शहरवासियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

See all