अंशिका ने सीबीएससी सरकारी स्कूलों में जिले में दूसरा स्थान हासिल किया
पंचकूला 16 अप्रैल:
बुधवार को सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। जहां अनेक विद्यालयों के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया वहीं राजकीय आदर्श संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 26 पंचकूला के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन के साथ विद्यालय का नाम जिले भर में रोशन किया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।विद्यालय की छात्रा अंशिका ने 96% अंक प्राप्त कर सीबीएसई द्वारा संचालित सरकारी विद्यालयों की श्रेणी में जिले भर में दूसरा स्थान अर्जित किया। विद्यालय के 24 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त किए और अधिकतम विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में बोर्ड परीक्षा पास की।
वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संस्कृति विद्यालय सेक्टर 26 में बालवाटिका और प्रथम कक्षा के लिए आज वीरवार को ड्रॉ के द्वारा प्राप्त आवेदनों में से विद्यार्थियों का चयन किया। ड्रा के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी नरोत्तम शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान एवं सदस्य और नव आवेदक अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे। आगामी 18 अप्रैल को प्रथम कक्षा और बाल वाटिका का प्रवेश उत्सव विद्यालय में मनाया जाएगा।
प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और मिठाइयां बांटकर उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्रों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी नरोत्तम शर्मा ने भी छात्रों और अभिभावकों को संबोधित किया एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।


