उपायुक्त-सह-मुख्य जनगणना अधिकारी ने जिला में स्व-गणना अभियान की करी शुरूआत
पंचकूला, 16 अप्रैल :
उपायुक्त-सह- मुख्य जनगणना अधिकारी श्री सतपाल शर्मा ने आज लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी जानकारी अपलोड कर जिला में स्व-गणना अभियान की शुरूआत की और एसई आईडी प्राप्त की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना के लिए विशेष सुविधा दी जा रही है, जिसमें वे अपनी जानकारी घर बैठे आॅनलाईन भर सकते है। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक प्रयोग करें और स्व-गणना कर जनगणना 2027 में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना एक सरल, सुरक्षित और डिजिटल सुविधा है। स्व-गणना करने के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाईल नंबर से ओटीपी द्वारा लाॅगिन कर सकते है। इसके बाद उन्हें अपना राज्य, जिला और स्थानीय विवरण चुनना होगा। इसके अलावा डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित कर मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी भरनी है। सबमिशन के बाद एसई आईडी मिलेगी, जिससे सुरक्षित रखें। प्रगणक आने पर उसे एसई आईडी देनी होगी, जिसके उपरांत प्रगणक जानकारी की पुष्टि करेंगे।
श्री सतपाल शर्मा ने बताया कि इस सुविधा से जहां समय की बचत होगी वहीं स्टीक जानकारी और तेज डाटा प्रसंस्करण होगा। उन्होंने कहा कि स्व-गणना एक विशेष सुविधा है। यदि नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाते तो भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित अवधि में प्रगणक लोगों के घर आकर जानकारी दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी।
इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती निशा यादव और नगराधीश एवं अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी जागृति ने भी पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड की और एसई आईडी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला जनगणना समन्वयक श्रीमती मधु यादव भी उपस्थित रही।


