Search

महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचकूला द्वारा पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत योग प्रशिक्षण एवं सत्र का आयोजन

पंचकूला 16 अप्रैल : 

महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचकूला द्वारा पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत नवीन लघु सचिवालय सेक्टर 1 स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में एक योगा प्रशिक्षण तथा सेशन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, पंचकूला, डॉ. सविता नेहरा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

योग प्रशिक्षण आयुष विभाग के  योग  प्रशिक्षक श्री सचिन कपूर द्वारा करवाया गया जिन्होंने सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

श्री सचिन कपूर द्वारा योग सत्र के दौरान विशेष रूप से पवनमुक्तासन श्रृंखला  के बारे में विस्तार से बताया गया, इन श्रृंखलाओं में जोड़ों को सक्रिय करने, गैस व पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने तथा शरीर को लचीला एवं सक्रिय बनाने वाले सरल अभ्यास शामिल होते हैं।

इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, चक्की चालान आसन, फुल बॉडी स्ट्रेचिंग, बैक बेंडिंग जैसे कई सरल एवं प्रभावी आसनों का अभ्यास करवाया। इन सभी अभ्यासों के माध्यम से शरीर की मांसपेशियों में लचीलापन आता है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा मानसिक तनाव में भी कमी आती है।

उन्होंने बताया कि ये सभी आसन अत्यंत सरल हैं और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोग इन्हें आसानी से कर सकते हैं। नियमित अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है।

कार्यक्रम के दौरान सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, जिला पोषण समन्वयक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अतिरिक्त, रॉकेट लर्निंग की टीम की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया।

इस अवसर पर नियमित योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ करना रहा।

See all