Search

प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, तनिष शर्मा की टीम रही अव्वल

पंचकूला,

सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग द्वारा बुधवार को शोध पद्धति विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध संबंधी अवधारणाओं की समझ को सुदृढ़ करना तथा उनकी विश्लेषणात्मक एवं तार्किक क्षमता का विकास करना था।

इस प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय वर्ष एवं एम.ए. समाजशास्त्र के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने शोध पद्धति से जुड़े विभिन्न आयामों—जैसे शोध की प्रकृति, प्रकार, डेटा संग्रहण की विधियाँ, परिकल्पना निर्माण तथा विश्लेषण—पर आधारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञानवत्ता एवं बौद्धिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में तनिष शर्मा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागी टीमों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक सुभाष चन्द्र एवं डॉ. पंकज के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया तथा शोध पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ शैलजा छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है, जो उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने हेतु सशक्त बनाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं समर्पण की सराहना की गई तथा विजेता टीम को बधाई दी गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

See all