अंबेडकर जयंती पर पंचकूला में भव्य राज्य स्तरीय समारोह, संविधान बस यात्रा का भी आयोजन
अंबेडकर जयंती के अवसर पर पंचकूला के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इस विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति प्रस्तावित है, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल कौशिक ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और मानवाधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की, जो आज भी देश के विकास का आधार है।उन्होंने बताया कि जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक इस आयोजन में भाग लेंगे।
इस अवसर पर पं. कौशिक ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व से शासन व्यवस्था अधिक संवेदनशील और जनहितकारी बनेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और स्वच्छता जैसे विषयों को प्राथमिकता मिलेगी।


