Search

पंचकूला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली अनहोनी

संजीत कुमार सिंह, पंचकूला आर्ब्जवर

पंचकूला : पंचकूला जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी से जुड़ा एक ई-मेल सेशन जज के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस और जिला प्रशासन ने त्वरित, सतर्क एवं पेशेवर ढंग से सुरक्षा कार्रवाई शुरू कर दी।

एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को अस्थायी रूप से खाली करवाया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पूरी तरह बचाव किया जा सके। इसके बाद डॉग स्क्वायड, बम डिस्पोज़ल टीम तथा पुलिस की विशेष टीमों द्वारा पूरे कोर्ट परिसर की गहन और व्यवस्थित तलाशी ली गई।

जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। तलाशी के उपरांत स्थिति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में पाई गई। इसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया गया।

प्रवेश और निकास बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि आमजन और न्यायिक कार्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस संबंध में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया—
“धमकी की सूचना मिलते ही निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के अनुसार त्वरित कार्रवाई की गई। कोर्ट परिसर की पूरी तरह जांच कर ली गई है और स्थिति पूर्णतः सुरक्षित है। ई-मेल की तकनीकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।”

पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

See all