नशा तस्करी पर कड़ा प्रहार, पंचकूला पुलिस ने 416 पेटी अवैध शराब की नष्ट
संजीत कुमार सिंह, पंचकूला आर्ब्जवर
पंचकूला : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंचकूला पुलिस ने थाना क्षेत्र सेक्टर-5 एवं सेक्टर-7 से वर्ष 2022 से 2025 के दौरान बरामद की गई लगभग 21 लाख रुपये मूल्य की अवैध इंग्लिश व देसी शराब का विधिवत निष्पादन किया।
यह कार्रवाई एसीपी विक्रम नेहरा एवं एसीपी राकेश कुमार की अध्यक्षता में न्यायालयीन आदेशों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई। अवैध शराब के निष्पादन की प्रक्रिया को जेसीबी मशीन की सहायता से अंजाम दिया गया।
नष्ट की गई अवैध शराब में कुल 2143 इंग्लिश बोतल, 828 देसी बोतल, 947 बीयर बोतल, 4083 क्वार्टर तथा 44 आधे शामिल हैं। इस प्रकार कुल 416 पेटी अवैध शराब को नष्ट किया गया, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मौके पर थाना प्रभारी सेक्टर-5 निरीक्षक रुपेश चौधरी, थाना प्रभारी सेक्टर-7 निरीक्षक राजेश कुमार तथा मालखाना मोहर्र ई/एसआई बरखा राम भी उपस्थित रहे।
इस संबंध में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा—
“नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पंचकूला पुलिस लगातार सख्त और प्रभावी
कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब का निष्पादन यह स्पष्ट संदेश देता है कि नशा
तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त
नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना हमारी
सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने बताया कि पंचकूला पुलिस ‘नशा एवं हिंसामुक्त : मेरा गाँव, मेरी शान’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को डॉक्टरी काउंसिलिंग एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए भी ग्राउंड लेवल पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
पंचकूला पुलिस की अपील :
आम नागरिक नशे या ड्रग्स से संबंधित किसी भी सूचना के लिए पंचकूला पुलिस ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100, 7087081048 अथवा मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पंचकूला पुलिस ने दोहराया कि नशे के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता और सख्ती के साथ जारी रहेगा।


